Ranchi : नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल-2023 अगले साल जनवरी में होना है। CM हेमंत सोरेन ने इस फेस्टिवल की चल रही तैयारियों को लेकर आज हाई लेवल मीटिंग की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस फेस्टिवल से जुड़ी सारी तैयारियां आगामी 31 दिसम्बर तक किसी भी हालत में पूरी कर लेनी चाहिये। झारखंड खासकर नेतरहाट में सैलानियों की दिलचस्पी को देखते हुये नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल शानदार, जानदार और लाजवाब होना चाहिये। CM ने कहा कि इस फेस्टिवल के प्रति ज्यादा से ज्यादा इन्वेस्टर्स आकर्षित हों और यहां आयें, इसके लिए रोड मैप तैयार करें। योजना बनायें, इससे झारखंड के पर्यटन को एक बेहतर मुकाम मिलेगा।
सैलानियों को मिले सारी सुविधाएं
CM हेमंत सोरेन ने नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल में आने वाले सारे सैलानियों को सारी सुविधाएं देने का निर्देश दिया है। वहीं उनके खानपान, रहने-ठहरने और परिवहन की बेहतरीन सुविधा पर फोकस करने को कहा है। किसी सैलानी को कई दिक्कत नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखना होगा। किसी तरह की कोताही और देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। CM ने टूरिस्ट सर्किट तैयार करने को कहा है, ताकि पर्यटकों को पलामू किला, बेतला नेशनल पार्क और लोध जलप्रपात जैसे पर्यटक स्थलों पर भी घुमाया जा सके। CM ने स्थानीय खेल, लोक कला और ट्राइबल व्यंजनों को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया। हॉकी और आर्चरी जैसे खेलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों का हौंसला अफजाई करने को कहा। यहां आने वाले सैलानियों को स्थानीय और ट्राइबल खाना परोसा जाये, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कलाओं, गीत- नृत्य-संगीत की प्रस्तुति हो, इसकी व्यवस्था करने का निर्देश दिये।
फेस्टिवल में होंगे कई इवेंट्स
हाई लेवल मीटिंग में मौजूद अधिकारियों ने CM को बताया कि नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल में योगा, मेडिटेशन, साइक्लोथान, क्राफ्ट मेला, फूड स्टॉल, बोटिंग, बच्चों के मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित कई और अन्य इवेंट्स भी होंगे। यहां आने वाले लोगों के रहने के लिए लग्जरी टेंट लगाये जा रहे हैं। उनके खानपान और परिवहन की सारी सुविधाएं होगी। इसपर जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी गई है। मीटिंग में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त -सह -अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे , पर्यटन सचिव मनोज कुमार , पर्यटन निदेशक अंजली यादव और सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के निदेशक राजीव लोचन बक्शी मौजूद थे।












