Kohramlive : भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को इंडियन आर्मी में बड़ा ओहदा मिला है। उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक विशेष समारोह में नीरज को यह रैंक प्रदान की। इस दौरान नीरज सेना की वर्दी में नजर आये। हरियाणा के पानीपत के खंडरा गांव के 27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीता था। इससे पहले नीरज भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात थे। मई 2025 में रक्षा मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर उन्हें 16 अप्रैल से लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद रैंक देने की जानकारी दी थी। नीरज से पहले भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को भी 2011 में यह मानद रैंक दिया गया था। हालांकि मौजूदा सीजन नीरज के लिए खास नहीं रहा। वह न तो डायमंड लीग खिताब जीत पाये और न ही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक का बचाव कर सके। चैंपियनशिप में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.03 मीटर रहा और वे अंतिम प्रयास के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। लेफ्टिनेंट कर्नल बनने के बाद नीरज ने इसे देश के सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।
#WATCH | Delhi | Olympic medallist javelin thrower Neeraj Chopra conferred the honorary rank of Lieutenant Colonel in the Indian Army, in the presence of Defence Minister Rajnath Singh and COAS General Upendra Dwivedi pic.twitter.com/bjLwuvoSLj
— ANI (@ANI) October 22, 2025










