Ramgarh : रामगढ़ के शिबू कॉलोनी, नेहरू रोड के पास से बरामद हुये मानव अवशेषों ने पूरे इलाके को दहशत डाल दिया। शुरुआती अंदेशा है कि ये अवशेष उसी सोनू कुमार राम के हो सकते हैं, जो 17 सितंबर (विश्वकर्मा पूजा के दिन) रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई, प्रदर्शन हुये, सड़कें भरीं, लेकिन सोनू का कोई सुराग नहीं मिला। अब तीन महीने बाद मौत के ऐसे निशान, जिन्होंने शहर का दिल हिला दिया। पुलिस की तकनीकी जांच ने एक अहम मोड़ दिया। सोनू की अंतिम मोबाइल लोकेशन रंजीत सिंह उर्फ नाना भाई के घर के पास मिला। नाना भाई को उठा लिया गया। वह पूछताछ में टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। वह पुलिस को हत्या स्थल तक खुद ले गया, और फिर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी सामने आई, शव को टुकड़ों में काटकर, अलग-अलग जगह फेंका गया था। जांच में अवैध संबंध का कोण भी सामने आ रहा है, जिसने इस क्रूर अपराध को नया मोड़ दे दिया है।हालांकि अवशेषों की आधिकारिक पहचान फॉरेंसिक जांच के बाद ही पक्की होगी, लेकिन हालात और घटनाक्रम से पुलिस को गुमशुदा सोनू से जुड़ाव का गहरा शक है। पुलिस रंजीत और उसके परिवार से लगातार पूछताछ कर रही है।







