Ranchi : रांची के नरकोपी थाना क्षेत्र के मंदरो गांव में हुये सनसनीखेज हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी सलमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आपसी पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी सास हकीमन खातून और पत्नी अफसाना प्रवीण पर लोहे के रॉड और चाकू से हमला किया था। हमले में हकीमन खातून की मौत हो गई थी, वहीं, अफसाना प्रवीण लहुलूहान हो गई। वह रिम्स में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 29 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे मंदरो गांव में हुई थी। फरार हत्यारे को खोज निकालने के लिये SIT बनाई गई। जांच के दौरान 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी सलमान अंसारी नरकोपी रेलवे स्टेशन से कहीं बाहर भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और DSP बेड़ो के नेतृत्व में गठित SIT ने नरकोपी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुये सलमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है।





