Kohramlive : ऑनलाइन शॉपिंग में सबसे बड़ा सवाल अक्सर यही होता है, “ये ड्रेस मुझ पर कैसी लगेगी?” अब इस सवाल का जवाब पाने के लिये सिर्फ कल्पना पर भरोसा नहीं करना पड़ेगा। OpenAI ने ChatGPT को ऑनलाइन शॉपिंग के लिये और उपयोगी बनाने की दिशा में दो नये शॉपिंग फीचर्स ग्लोबली लॉन्च किये हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा Virtual Try-On की है, जिसकी मदद से यूजर किसी कपड़े या एक्सेसरी को अपनी तस्वीर पर वर्चुअली ट्राई करके देख सकता है। इसके अलावा Favorites नाम का फीचर भी जोड़ा गया है, जिससे पसंद आये प्रोडक्ट्स को बाद में देखने के लिये सेव किया जा सकेगा।
सेल्फी अपलोड करें और देखिये…
OpenAI के नये Try On फीचर का मकसद ऑनलाइन शॉपिंग के उस सवाल को आसान बनाना है, जो खरीदारी से पहले सबसे ज्यादा परेशान करता है, “मुझ पर ये कैसा लगेगा?” यूजर अपनी सेल्फी या फुल-बॉडी फोटो अपलोड कर सकता है। इसके बाद ChatGPT शॉपिंग रिजल्ट में मौजूद किसी कपड़े या एक्सेसरी को उस तस्वीर पर वर्चुअली दिखा सकता है।किसी प्रोडक्ट की फोटो या स्क्रीनशॉट भी अपलोड करके ChatGPT से उसे खुद पर ट्राई करने के लिये कहा जा सकता है। यानी ऑनलाइन शॉपिंग में अब, देखिये → ट्राई कीजिये → पसंद आये तो खरीदिये।
Favorites में सेव करें पसंदीदा सामान
दूसरा फीचर है Favorites। मान लीजिये आपको शॉपिंग करते समय कोई जैकेट, जूता, बैग या एक्सेसरी पसंद आ गई, लेकिन उसी वक्त खरीदना नहीं चाहते। अब उसे Favorites में सेव किया जा सकता है और बाद में दोबारा आसानी से देखा जा सकेगा। OpenAI के मुताबिक, सेव किये गये आइटम्स के साथ उनसे जुड़ी Virtual Try-On इमेज भी रखी जा सकती है। यानी पसंदीदा सामान की एक छोटी-सी निजी शॉपिंग लिस्ट तैयार करना आसान होगा। नये फीचर्स के साथ ChatGPT सिर्फ किसी एक प्रोडक्ट की तलाश तक सीमित नहीं रहेगा।यूजर अपनी पसंद का स्टाइल बता सकता है और ChatGPT से कह सकता है कि उस लुक को पूरा करने वाले अलग-अलग कपड़े और एक्सेसरीज खोजे जायें। इतना ही नहीं, अगर किसी सेलिब्रिटी की ड्रेस या आउटफिट पसंद आ गया तो उसकी तस्वीर अपलोड करके उससे मिलते-जुलते खरीदने योग्य आइटम्स खोजने में भी ChatGPT से मदद ली जा सकती है। यानी, “मुझे ऐसा ही लुक चाहिये” कहना काफी हो सकता है।
ChatGPT Images 2.5 से मिलेगा बेहतर विजुअल अनुभव
OpenAI के मुताबिक, इन नये शॉपिंग फीचर्स में नये ChatGPT Images 2.5 मॉडल की क्षमताओं का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का कहना है कि नया मॉडल पहले की तुलना में नेचुरल लाइटिंग, बेहतर टेक्सचर और एडिटिंग इंस्ट्रक्शन को अधिक सटीक तरीके से फॉलो कर सकता है। इमेज जनरेशन में भी बेहतर स्पीड का दावा किया गया है। इसी वजह से Virtual Try-On में कपड़ों और एक्सेसरीज को तस्वीर पर ज्यादा स्वाभाविक तरीके से दिखाने की कोशिश की गई है।
क्या बदल जायेगी ऑनलाइन शॉपिंग?
सोचिये, आपको कोई ड्रेस पसंद आई। फोटो ChatGPT में डाली। अपनी तस्वीर अपलोड की। वर्चुअली ड्रेस ट्राई की। लुक पसंद आया तो उसे Favorites में सेव किया।
और फिर खरीदने के लिये आगे बढ़ गये। ऑनलाइन शॉपिंग का अनुभव धीरे-धीरे सिर्फ “सर्च और क्लिक” से निकलकर “देखो, समझो और वर्चुअली ट्राई करो” की तरफ बढ़ रहा है।






