Ranchi : झारखंड की सुबह आज कुछ अलग ही थी। हवा में भीनी-भीनी नमी थी, जैसे आसमान किसी पुरानी याद में डूबा हो और तभी, बादलों की बारात आई, झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी। राजधानी रांची की फिजा भी आज बदली-बदली सी है। कहीं हल्की फुहारें, कहीं घने बादलों का जमघट। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 18 और 19 जून को मौसम विभाग ने बेहद भारी बारिश के आसार जताये हैं। 20 जून को फिर से ऑरेंज अलर्ट, यानी बादलों का इरादा अभी थमा नहीं है। राज्य के दक्षिण-पश्चिम और मध्य जिलों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है। बीते 24 घंटों में धनबाद के पंचेत में सबसे ज्यादा 73.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं डाल्टनगंज में तापमान 38.4 डिग्री तक चढ़ गया, तो गुमला में पारा 21.3 डिग्री तक गिर गया।











