Kohramlive : फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी Meta पर अमेरिकी कोर्ट ने बड़ा प्रहार किया है। न्यू मैक्सिको की कोर्ट ने बच्चों की मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले में 567 मिलियन डॉलर (करीब 5,390 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने साफ कहा कि Meta ने बच्चों की सुरक्षा से ज्यादा मुनाफे को महत्व दिया। जज ब्रायन बिडचेड ने माना कि कंपनी की लापरवाही का गंभीर असर बच्चों की मेंटल हेल्थ पर पड़ा।
यह रकम युवाओं के इलाज, जागरूकता और सुरक्षा कार्यक्रमों पर खर्च होगी। इससे पहले भी इसी मामले में 375 मिलियन डॉलर का जुर्माना लग चुका है। अब Meta पर कुल 942 मिलियन डॉलर की मार पड़ चुकी है। कोर्ट ने Meta के लिए सख्त बदलाव भी सुझाये हैं। इनमें उम्र की कड़ी जांच, डिफॉल्ट प्राइवेसी मजबूत करना, लत बढ़ाने वाले फीचर्स पर लगाम और बच्चों के यौन शोषण पर सख्त निगरानी शामिल है। यह अमेरिका में पहली बार है, जब किसी राज्य ने बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी बड़ी टेक कंपनी के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई की है।















