Ranchi : रांची में तिरंगा लहराया तो माहौल में देशभक्ति की रंगत घुल गई। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची में 80वां स्वतंत्रता दिवस दोनों परिसरों में गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया। तिरंगे को सलामी देने के साथ शुरू हुआ समारोह गीत-संगीत, नृत्य, साहित्य और नाट्य प्रस्तुतियों से यादगार बन गया। समारोह का नेतृत्व संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद सभी ने एक साथ राष्ट्रगान गाया। इस दौरान स्वतंत्रता के मायने, उससे जुड़ी जिम्मेदारियों और देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किये गये।
निदेशक बोले, सीखते रहें, रचनात्मक बनें और देश के काम आयें
संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों और संस्थान समुदाय को संबोधित करते हुये स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदारी, निरंतर सीखने और रचनात्मकता के साथ आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया। वहीं, राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल में रंग भर दिया। साज संगीत क्लब ने संगीतमय प्रस्तुति दी। नृत्यराशी क्लब ने नृत्य के जरिये दर्शकों की तालियां बटोरीं। अल्फाज क्लब ने विशेष भाषण प्रस्तुत किया। अभिनय क्लब की नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को खासा जोड़ा। यानी तिरंगे की शान के साथ मंच पर सुर, शब्द, नृत्य और अभिनय, चारों का खूबसूरत संगम देखने को मिला। समारोह के दौरान ‘प्ले फॉर इंडिया’ कार्यक्रम के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन 12 से 14 अगस्त 2026 के बीच हुआ था। इसमें विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने फुटसल, शतरंज, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और कैरम जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनकी मेहनत और खेल भावना की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन हुआ। इस मौके पर सभी से स्वतंत्रता की भावना को केवल उत्सव तक सीमित न रखने, बल्कि जिम्मेदार आचरण, निरंतर सीखने, रचनात्मकता और राष्ट्रसेवा के जरिए आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।








