UP : यूपी के अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में 94 साल की बुजुर्ग महिला घर में मृत हालत में मिली। मृतिका इंद्रावती, जो यूपी पुलिस में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर में तैनात आशुतोष मिश्रा की मां थीं। परिजनों का आरोप है कि उनके शरीर से सोने के आभूषण गायब थे और मुंह से खून निकल रहा था। इन परिस्थितियों के बाद हत्या और लूट की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन आया, मां को हार्ट अटैक आया है
परिजनों के मुताबिक, आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने दोपहर करीब 3.50 बजे फोन कर सूचना दी कि उनकी मां को हार्ट अटैक आया है और उनकी मौत हो गई है।सूचना मिलते ही आशुतोष मिश्रा लखनऊ से अपने पैतृक गांव पहुंचे। परिवार के लोगों के साथ जब उन्होंने शव को देखा तो परिस्थितियां सामान्य नजर नहीं आईं। परिजनों के मुताबिक, मृतका के गले से सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील, कान के टॉप्स गायब मिले। इसके अलावा पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी नहीं मिली।परिजनों ने यह भी बताया कि मृतका के मुंह से खून निकल रहा था। ऐसे में परिवार ने इसे सामान्य मौत मानने के बजाय हत्या कर जेवर लूटे जाने की आशंका जताई है। मामले की सूचना मिलते ही मालीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये अकबरपुर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस अधिकारी घटनास्थल की जांच कर रहे हैं और मौत से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाला जा रहा है।








