Kohramlive : केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के राजपत्रित और गैर-राजपत्रित अधिकारियों व जवानों को रेल यात्रा के दौरान स्पेशल इमरजेंसी कोटा के तहत आरक्षित टिकट देने की व्यवस्था की जा रही है। इससे छुट्टी या आपात स्थिति में उन्हें कन्फर्म टिकट और प्राथमिकता के आधार पर बर्थ मिलने की उम्मीद है। स्पेशल इमरजेंसी कोटा का लाभ लेने के लिये CISF कर्मियों को रेलवे टिकट काउंटर पर अपना विभागीय ID कार्ड और विभाग की ओर से जारी वैध लीव सर्टिफिकेट की छायाप्रति जमा करनी होगी। यह सुविधा फिलहाल CISF में कार्यरत अधिकारियों और जवानों के लिये होगी। उनके आश्रित परिजन इस सुविधा के दायरे में नहीं होंगे। CISF के जवान देश के अलग-अलग हिस्सों से आते हैं और अपनी ड्यूटी के कारण परिवार से दूर रहते हैं। हवाई अड्डों, संसद भवन, परमाणु संस्थानों, मेट्रो, बंदरगाहों और महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों जैसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले जवानों को कई बार महीनों बाद छुट्टी मिलती है। लेकिन छुट्टी हाथ में आते ही अगली चिंता होती है, घर पहुंचने के लिये कन्फर्म टिकट मिलेगा या नहीं? वेटिंग टिकट के कारण कई जवान समय पर घर नहीं पहुंच पाते। कभी-कभी ऐसी स्थिति भी आती है कि छुट्टी तक रद्द करनी पड़ती है।
सांसद वर्षा गायकवाड ने रेल मंत्री के सामने उठाया मुद्दा
इस समस्या को लेकर कांग्रेस सांसद प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा था कि देश की महत्वपूर्ण और संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा करने वाले जवानों को अपने परिवार तक पहुंचने के लिये ही परेशानी उठानी पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका तर्क था कि जब इन जवानों को विभागीय स्तर पर छुट्टी मिल जाती है, तो उन्हें घर आने-जाने के लिए रेल यात्रा में कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होनी चाहिये। यह मामला सामने आने के बाद रेल मंत्रालय ने इस दिशा में विचार-विमर्श शुरू किया है। बताया जा रहा है कि CISF के साथ अन्य अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिये भी रेल यात्रा के दौरान स्पेशल इमरजेंसी कोटा लागू करने की पहल पर विचार किया जा रहा है।








