Kohramlive : नई दिल्ली में झारखंड के एक पुलिसकर्मी के लिये वह पल खास रहा, जब वर्दी में निभाई जिम्मेदारियों के साथ समाजसेवा के उनके प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला। झारखंड के पुलिसकर्मी और समाजसेवी प्रवीन तिवारी को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिये कैम्ब्रिज इंटरनेशनल ओपन एंड ऑनलाइन यूनिवर्सिटी की ओर से मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। नई दिल्ली के होटल सूर्या में आयोजित समारोह में पूर्व चुनाव आयोग के संयुक्त निदेशक डॉ. एम.डी. अमीन ने प्रवीन तिवारी को यह उपाधि प्रदान की। कार्यक्रम में वरिष्ठ RSS पदाधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में प्रवीन तिवारी के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन अन्य हस्तियों को भी मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। इनमें लोक प्रशासन के क्षेत्र में योगदान के लिये वी.एस. तोमर, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिये राहुल गुप्ता एवं संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिये डॉ. कमला कौशिक शामिल हैं।
पुलिस सेवा के साथ समाजसेवा को बनाया मिशन
प्रवीन तिवारी पुलिस सेवा में अपनी पेशेवर जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। समाज के प्रति उनके निरंतर प्रयासों और योगदान को देखते हुये उन्हें इस सम्मान के लिये चुना गया। यह सम्मान उनके लिये वर्दी के साथ समाज के प्रति निभाई जा रही जिम्मेदारी की पहचान भी है। सम्मान समारोह में समाज, प्रशासन, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन शख्सियतों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में काम करते हुये समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने का प्रयास किया है। प्रवीन तिवारी के लिये यह सम्मान इस बात की मिसाल बनकर सामने आया कि जब वर्दी की जिम्मेदारी के साथ समाज के प्रति संवेदनशीलता जुड़ती है, तो सेवा का दायरा और बड़ा हो जाता है।








