UP : यूपी के शाहजहांपुर का भटपुरा गांव नींद से जागा तो एक घर में खामोशी नहीं, खून पसरा था। चारपाई पर पड़ा था 30 साल का बलराम, गला रेता हुआ, आंखें खुली… जैसे आखिरी सवाल पूछ रही हों। पहली नजर में लगा कि किसी बाहरी दुश्मन की वारदात है। लेकिन कातिल तो उसी आंगन में सांस ले रहा था… जहां कभी सुहाग की मेहंदी रची थी।भाई की शिकायत ने राज खोला कि बलराम की पत्नी पूजा और उसके भांजे आदेश के बीच अवैध संबंध थे। इश्क ऐसा कि रिश्तों की हर मर्यादा टूट चुकी थी। पूजा तीन बार घर छोड़ चुकी थी। हर बार पंचायत, हर बार माफी… हर बार भरोसे की झूठी कसमें। लेकिन इस बार पूजा ने लौटने के लिए नहीं बल्कि पति को मिटाने के लिए साजिश रची।
पति से छिपाकर रखे हुये की-पैड मोबाइल से रातों को आदेश को कॉल किया करती और उसी फोन से 28 जनवरी को आदेश को फोन कर गांव बुलाया। खेतों के बीच बने मकान में पहले बलराम के हाथ बंधे, फिर रिश्तों का गला रेता गया।पुलिस के मुताबिक आदेश ने मामा को दबोचा…और पूजा ने धारदार हथियार से पति का गला काट दिया। कत्ल के बाद चारपाई के पास पड़े पुआल पर दोनों ने संबंध बनाये। फिर अलग-अलग रास्तों से निकल गये। सबूत मिटाने की कोशिश में मोबाइल तोड़कर फेंका, लेकिन कॉल डिटेल ने सारी साजिश उगल दी। शराब पार्टी से शुरू हुई रात सुबह खून में खत्म हुई। पुलिस गिरफ्त में आये तो कसमों-वादों का इश्क बिखर गया। पूजा बोली “आदेश ने मजबूर किया।” वहीं आदेश बोला “गला पूजा ने काटा।” सबसे दर्दनाक मंजर तो तब दिखा जब डेढ़ साल का मासूम बच्चा भी मां के साथ जेल पहुंचा। इस कांड में शामिल एक अन्य को भी अरेस्ट किया गया है। दादी–बाबा संभालना चाहते थे, लेकिन बच्चा मां की गोद मांगता रहा। पूजा की उम्र करीब 25 वर्ष और आदेश 22 साल का है। पुलिस का कहना है कि प्रेम, लालच और अवैध संबंधों ने सात फेरों के वचनों को खून में डुबो दिया।












