Kohramlive : बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का कर्ज है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 16.61 करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि की वसूली के लिए उनकी संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए कारोबारी माधव गोपाल अग्रवाल से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। तय समय पर भुगतान नहीं होने के कारण ब्याज और अन्य देनदारियों के साथ बकाया राशि बढ़कर 16.61 करोड़ रुपये से अधिक हो गई।
9 सितंबर को होगी नीलामी
बैंक ने शाहजहांपुर के कचहरी रोड स्थित पैतृक मकान और एक अन्य प्लॉट की नीलामी का नोटिस जारी किया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के बंडा में स्थित करीब 3.10 करोड़ रुपये की संपत्ति भी रिकवरी प्रक्रिया में शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, पैतृक गांव कुंडरा की जमीन और मकान पर भी आगे कार्रवाई हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस लोन के लिए राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियां भी गारंटर के तौर पर गिरवी रखी गई थीं। मुंबई की कुछ अन्य संपत्तियों को लेकर भी रिकवरी प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर राजपाल यादव की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजपाल यादव हाल ही में ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आये थे। अब वह प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ दिखाई देंगे।















