Kohramlive : गुलाबी नगरी जयपुर की रौनक के बीच सांगानेर इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने रिश्तों की नाजुक डोर और भरोसे की बुनियाद को हिला कर रख दिया है। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर संबंधों का खौफनाक अंजाम देखने को मिला, जहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान नीतू सैन के रूप में हुई है। नीतू अपने पति सनोज और ढाई साल की मासूम बेटी के साथ सांगानेर के महावीर नगर में किराये के मकान में रहती थी। बाहर से सामान्य दिखने वाला यह परिवार भीतर ही भीतर तनाव की आग में जल रहा था। पुलिस के मुताबिक, नीतू का प्रेम संबंध उसके पति के साथ काम करने वाले युवक अंशु सोलंकी से था। काम के सिलसिले में अंशु का घर आना-जाना बढ़ा, बातचीत बढ़ी नजदीकियां गहरी हुईं। फिर रिश्ता सीमायें लांघ गया। जब इस रिश्ते की भनक नीतू के पति को लगी, तो घर में कई बार झगड़े और तकरार हुई। कुछ दिन पहले ही इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी झगड़े ने हालात को खतरनाक मोड़ पर ला खड़ा किया। हालिया विवाद के बाद आरोपी अंशु सोलंकी ने गुस्से में आकर नीतू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्यार, जो कभी सुकून देता था, उसी ने जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम बच्ची और टूटे परिवार का दर्द हर किसी की आंखें नम कर गया।
![]()








