Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के तारा मंडपम, चौधराना बाजार में केसरवानी वैश्य सभा द्वारा आयोजित ‘होली मंगल मिलन’ समारोह में समाज के सैकड़ों लोग शरीक हुये। रंग, गुलाल और संगीत की मस्ती ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद समाज के पदाधिकारियों ने फीता काटकर इस रंगीन महोत्सव की शुरुआत की। महर्षि कश्यप मुनि के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की हैसियत से मौजूद मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि”यह सिर्फ होली का नहीं, बल्कि प्रेम और सद्भावना का उत्सव है। ‘होली मंगल मिलन’ का नाम इसकी शुभता और बढ़ा देता है।” SDO संजय कुमार पांडेय ने कहा कि “महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखकर लगता है कि यह पर्व सबके लिये खास है। यहां आकर पुराने दिनों की याद ताजा हो गई।” वहीं, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से शाम सजी। लोकल कलाकारों ने होली के पारंपरिक गीतों से समां बांध दिया। रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल के बीच नृत्य और गायन का आनंद हर किसी ने उठाया। रंगों से भरी इस शाम ने भाईचारे और आनंद की एक नई मिसाल पेश की। इस भव्य आयोजन में केसरवानी वैश्य सभा के अध्यक्ष संतोष केसरी, पूर्व अध्यक्ष पिंकी केसरी, पार्षद मीरा कुमारी, तरुण सभा के अध्यक्ष शुभम कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।












