Ranchi : राजधानी रांची से सटे नामकुम की गलियों में दुकानों के शटर के पीछे चल रहे शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक ही दिन में ऐसी दस्तक दी कि कई चेहरों से नकाब उतर गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुंजू, नचलदाग और बुतियो इलाके में छापेमारी की। होटल और किराना दुकानों में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर की 173 बोतल/कैन, कुल 79.44 लीटर बरामद की गई। यह कार्रवाई रांची पुलिस कप्तान को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई। सबसे पहले पुलिस टीम ग्राम तुंजू, नचलदाग स्थित बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल पहुंची। तलाशी के दौरान होटल से 53 बोतल अंग्रेजी शराब और बीयर, कुल 24.5 लीटर बरामद होने की बात पुलिस ने कही। पुलिस के मुताबिक, शराब के संबंध में वैध कागजात मांगे गये, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद शराब को जब्त करते हुये बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।
किराना दुकान के फ्रिज में भी मिली शराब
इसके बाद पुलिस टीम ग्राम बुतियो पहुंची। यहां शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों में छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, शिव शंकर बड़ाईक की दुकान के फ्रिज और अंदर रखे कार्टन से बड़ी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वहीं, पुलिस को देखकर शिव शंकर बड़ाईक मौके से फरार हो गया, जबकि उसके पुत्र और दुकान के सहयोगी संचालक पंकज बड़ाईक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शिवा बड़ाईक की दुकान से भी 41 बोतल/कैन शराब और बीयर, कुल 16.55 लीटर बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई में अलग-अलग ठिकानों से Kingfisher Strong, Godfather Strong Beer, Sterling Reserve B7 Whisky, ICONIQ White Whisky, 8PM Premium Black Elite Whisky और McDowell’s Luxury Whisky समेत कई ब्रांड की शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है। शराब का कुछ हिस्सा फ्रिज में रखा गया था, वहीं, कुछ कार्टन के अंदर छिपाकर रखा गया था।





