Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के SDO संजय कुमार की पहल पर रविवार से अनुमंडल क्षेत्र में “आइये खुशियां बांटें” विशेष सहभागी सहायता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 28 फरवरी तक प्रतिदिन चलेगा। इसका उद्देश्य प्रशासन और क्षेत्र के सक्षम नागरिकों के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाना है।
‘कॉफी विद एसडीएम’ से मिली अभियान को दिशा
पिछले सप्ताह आयोजित कॉफी विद एसडीएम कार्यक्रम के दौरान इस अभियान की रूपरेखा तय हुई थी। कार्यक्रम में एसडीएम संजय कुमार ने वस्त्र व्यवसायियों और सामाजिक रूप से संवेदनशील लोगों से संवाद करते हुये अनुरोध किया था कि वे सामाजिक जिम्मेदारी के तहत जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में सहयोग दें। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से प्रभावित होकर जुड़ गये। अभियान के पहले दिन गेरुआसोती गांव में ऊनी वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कुछ माह पहले हाथियों के भय से बहेरवा पहाड़ से विस्थापित हुये आदिम जनजाति समुदाय के परिवारों को गर्म कपड़े वितरित किये गये। प्लास्टिक की झोपड़ियों में रह रहे लगभग 80 बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को गर्म कपड़े प्रदान किये गये। कपड़े पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी खिल उठी। SDO संजय कुमार ने मौके पर मौजूद परिवारों से संवाद करते हुये उन्हें सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर पुनर्वास के लिये सहमति देने का आग्रह भी किया, ताकि प्रशासन प्रक्रिया आगे बढ़ा सके। इस मुहिम से जुड़े आयोजक सदस्य कमलेश अग्रवाल और उत्तम कमलापुरी ने इसे मानवता का सच्चा उत्सव बताते हुये कहा कि इसमें शामिल होकर उन्हें आंतरिक संतुष्टि मिली है। उन्होंने अन्य सक्षम नागरिकों से भी इस अभियान में योगदान करने की अपील की। SDO संजय कुमार ने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से जरूरतमंदों के बीच सहयोग का यह क्रम निरंतर जारी रखा जायेगा। कार्यक्रम में गांव के मुखिया जगजीवन राम, स्थानीय शिक्षक और अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।






