रांची : लालू यादव दिल्ली एम्स में शिफ्ट हो सकते हैं। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेटे तेजस्वी के अनुसार लालू यादव के फेफड़ों में पानी जम गया है और उनका चेहरा सूज गया है। मिल रही जानकारी के अनुसार लालू यादव का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। जिसे देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। डॉक्टरों के बोर्ड की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर उनके दिल्ली शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए जेल प्रशासन को लोअर कोर्ट से इसकी स्वीकृति लेनी होगी।
इसे भी पढ़ें : तेजप्रताप और तेजस्वी के साथ रिम्स पहुंची राबड़ी देवी, लालू से मिलकर भावुक हुआ परिवार
लालू की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर शुक्रवार को पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, बेटे तेजप्रताप और तेजस्वी ने उनसे मुलाकात की। लालू की हालत देखकर परिवार के सदस्य भावुक हो गए। वहीं परिवार से मुलाकात के दौरान लालू का भी गला भर आया था।
लालू यादव से मुलाकात कर देर रात बाहर निकले तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पूर्व में ही उनके दिल की सर्जरी की गई है। उनकी किडनी 25 फीसदी ही काम कर रही है। साथ ही उनका क्रिएटिनिन लेवल भी बढ़ा हुआ है। तेजस्वी ने पिता की तबीयत पर चिंता जताई।
इसे भी पढ़ें : सुभाष चंद्र बोस की जयंती आज, आइये जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी रोचक बातें
जेल आईजी बिरेंद्र भूषण ने रिम्स प्रबंधन को लालू यादव के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए 24 घंटे एक या दो डॉक्टर की नियुक्ति का आदेश दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि इमरजेंसी की हालत में यह डॉक्टर सही दवा, सही समय पर लालू यादव को मुहैया करा सकेंगे।
इसे भी पढ़ें : राज्य के तीन IAS अधिकारियों का तबादला, जानिये कौन कहां गए








