रांची : कोहराम लाइव की खबर का हुआ असर। प्रेमी के साथ मिलकर पति को ठिकाने लगाने वाली पत्नी प्रीति केसरी को आज गिरफ्तार कर लिया गया। रांची पुलिस ने जांच के बाद जुटाए सबूत और फिर प्रीति को सलाखों के पीछे भेज दिया। प्रीति ने आशिक अंकित केसरी उर्फ बिट्टू के साथ मिलकर अपने पति कार्तिक केसरी की हत्या कराई थी। अंकित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 28 सितंबर 2019 को कांके थाने के बाढ़ू पुल के पास बड़ी बेरहमी से कार्तिक केसरी की हत्या कर दी थी।
रोती हुई मां और फफकते हुए कार्तिक के पिता के दिल में हुए कभी न भरने वाले गहरे जख्म पर आज मरहम लगा है। रात को खाट पर सोती हुई अचानक चीख पड़ने वाली मां ने तो पहले ही कह दिया था कि ‘नाक-नक्श से खूबसूरत बहुरिया हमर बेटा के मरवा देलक’, लेकिन बहुरिया अपने ही हाथों अपनी मांग का सिंदूर धोकर सोच रही थी कि उसका किया उसके सामने अब नहीं आयेगा। उसकी बेवफाई का फुफकारता नाग फन फैला कर खड़ा हो गया और उसके वर्तमान का सबसे खूबसूरत चेहरा उसका प्रेमी अब उसकी जिंदगी का कलंक बन गया है। 15 महीने के बाद आखिरकार कार्तिक के मां-पिता को थोड़ा सुकून मिला है। अब उन्हें इंतजार है, प्रीति की सजा का, ताकि उनकी गोद सूनी करने वाली ‘हत्यारिन बहुरिया’ को उसके किये का फल मिले।
कांके पुलिस पर लगा था प्रीति को बचाने का आरोप
कांके थाना की पुलिस पर आरोप है कि वह प्रीति पर मेहरबान थी। गिरफ्तारी की बात को टालमटोल कर रही थी। जब यह मामला ग्रामीण एसपी नौशाद आलम के संज्ञान में गया तक उन्होंने इसे काफी गंभीरता से लिया। कांके थाना से पूछा कि क्यों नहीं पकड़ी जा रही है प्रीति? ग्रामीण एसपी की पहल पर कांके पुलिस हरकत में आई और प्रीति को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने माना है कि कोहराम लाइव ने पक्की खबर दिखाई थी। कहा कि- हम साक्ष्य तलाशने में लगे हुए थे। अब हमारे पास साक्ष्य जमा हो गये हैं। प्रीति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।














