Ranchi : रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में आज का दिन कुछ खास था। महिलाओं के चेहरों पर उम्मीद की चमक थी और दिल में विश्वास कि उनकी आवाज सुनी जायेगी। जब विधायक कल्पना सोरेन से विभिन्न महिला समूहों की ये महिलाएं मिलीं, तो एक नया उत्साह जाग उठा। कल्पना सोरेन ने वहां उपस्थित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई राह पर ले जाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के तहत महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजी जायेगी — एक ऐसा कदम जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण का आधार बनेगा।
महिला सशक्तिकरण से होगा झारखंड का विकास
विधायक कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में झारखंड की नारियों के संघर्ष, त्याग और तकलीफों को याद करते हुये कहा, “मुख्यमंत्री का सपना है कि राज्य की हर महिला के चेहरे पर मुस्कान खिले।” उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही विकसित झारखंड के निर्माण का आधार बनेगा। वहां मौजूद महिलाओं ने भी अपनी बात रखी और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाये जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की महिलाएं खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित और सशक्त महसूस कर रही हैं। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई दी और झारखंड के उज्जवल भविष्य के लिये अपनी शुभकामनाएं दी। झारखंड में बदलाव की यह नई बयार, नारी शक्ति के मजबूत इरादों और सरकार के संवेदनशील प्रयासों की मिसाल बन रही है।








