Ranchi : झारखंड में अब आग लगने की घटनाओं से निपटने की क्षमता पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होगी। राज्य की अग्निशमन सेवा को आधुनिक बनाने की दिशा में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 58 अत्याधुनिक ‘मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी’ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा वाहिनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को नई ताकत देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, DG फायर सर्विसेज एम.एस. भाटिया, DGP तदाशा मिश्रा समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
‘हर मिनट नहीं, हर सेकंड अहम’
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि आग लगने की घटनाओं में हर पल बेहद महत्वपूर्ण होता है। अग्निशमन दल जितनी जल्दी घटनास्थल पर पहुंचेगा, उतनी ही ज्यादा संभावना लोगों की जान और संपत्ति बचाने की होगी। उन्होंने कहा कि राज्य की बदलती जरूरतों को देखते हुये आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के कई शहरों की संकरी गलियां और दूर-दराज के ग्रामीण इलाके अब तक बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ियों के लिये चुनौती बने हुये थे। नये कॉम्पैक्ट मिनी वाटर टेंडर इन इलाकों तक आसानी से पहुंच सकेंगे और आग लगने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर विस्फोट, शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से लगने वाली आग पर अब ज्यादा प्रभावी तरीके से काबू पाया जा सकेगा। मिस्ट टेक्नोलॉजी पानी के कम इस्तेमाल में भी आग बुझाने में कारगर साबित होगी।
‘हमारे जवान सिर्फ आग नहीं बुझाते, जिंदगी भी बचाते हैं’
CM हेमंत सोरेन ने अग्निशमन सेवा के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुये कहा कि उनका काम केवल आग बुझाना नहीं है, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जिंदगी बचाना भी है। ऐसे चुनौतीपूर्ण कार्य के लिये उन्हें आधुनिक उपकरण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मियों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा पूरे समाज के लिये प्रेरणा है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि 58 आधुनिक अग्निशमन वाहनों की यह सौगात केवल वाहनों का लोकार्पण नहीं, बल्कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इससे आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी और आम लोगों को समय पर राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम के अंत में CM हेमंत सोरेन ने सुरक्षित, सशक्त और आपदा-प्रतिरोधी झारखंड के निर्माण का संकल्प दोहराते हुये सभी अग्निशमन अधिकारियों और जवानों को शुभकामनाएं दीं।



















