Ranchi : बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही झारखंड पुलिस भी एक्शन मोड में आ चुकी है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने बॉर्डर से सटे जिलों में अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और कैश की तस्करी रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किये हैं। IG अभियान डॉ. माइकल राज के मुताबिक, राज्य के सभी एसएसपी और एसपी को 11 बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। जिनमें चेक पोस्ट की सख्ती, मोबाइल निगरानी, रेलवे और हाइवे की विशेष जांच शामिल है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और जमशेदपुर (घाटशिला उपचुनाव के चलते) में विशेष चौकसी है। बॉर्डर एरिया में अंतर-राज्यीय समन्वय बैठकों का भी निर्देश जारी हुआ है, ताकि बिहार से सटी हर गतिविधि पर सीधी नजर रखी जा सके।
इनपुट के आधार पर टारगेटेड एक्शन
सूत्रों के अनुसार, पूर्व में भी चुनाव के दौरान शराब, कैश और हथियार की बड़ी खेपें पकड़ी जा चुकी हैं, जिससे यह बार-बार साबित होता है कि तस्करी गिरोह चुनाव के वक्त ज्यादा सक्रिय होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुये इस बार रेल मार्ग, स्टेट हाईवे, ढाबे और लॉजिंग पॉइंट्स पर भी कड़ी नजर रखी जायेगी। बिहार चुनाव के साथ-साथ झारखंड में घाटशिला उपचुनाव को लेकर भी पुलिस अलर्ट पर है। स्थानीय पुलिस को निर्देश दिये गये हैं कि मदिरा, मादक पदार्थ और हथियारों के नेटवर्क को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार निर्धारित सीमा से अधिक कैश ले जाने वालों पर नजर रखने को कहा गया है। चेक पोस्ट्स पर कैश सीज़र की टीम भी तैनात की जा रही है।आईजी अभियान बोले कि “बॉर्डर एरिया में सक्रिय गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए हर संभव कदम उठाये जा रहे हैं। बिहार चुनाव में झारखंड की धरती का गलत इस्तेमाल नहीं होने दिया जायेगा।”














