Ranchi : झारखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुये CM हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर, रांची में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड पुलिस को 1485 आधुनिक वाहन सौंपे। साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में बनने वाले 12 नये थानों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। CM ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों का बेड़ा एक साथ दिया गया है। यह कदम पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा और इससे पुलिस की रिस्पॉन्स क्षमता, गश्ती व्यवस्था और निगरानी तंत्र मजबूत होगा। सरकार द्वारा स्वीकृत वाहनों में से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन जिलों और थानों को दिये गये हैं। इनका उपयोग गश्त, त्वरित कार्रवाई, ग्रामीण इलाकों की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए किया जायेगा।
CM ने अपने संबोधन में हाल ही में धुर्वा अपहरण कांड का जिक्र करते हुये कहा कि झारखंड पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुये दो नाबालिगों को बरामद किया और अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करें और अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को समय पर पुलिस तक पहुंचायें। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, DGP तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : हेमंत सरकार के बड़े फैसले: 23 जिलों में बनेंगे आधुनिक पुस्तकालय, कई कॉलेजों को नये भवन










