UP : यूपी के हापुड़ जिले से आई इस खबर ने रूह कंपा दी है। पिलखुवा थाना क्षेत्र में रामा अस्पताल के पास गन्ने के खेत से एक सूटकेस में युवती का कंकाल मिला। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जिसने दुष्कर्म की वारदात छिपाने के लिये हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। अबतक के अनुसंधान में जो बातें आई है, उसके अनुसार, बीते 1 दिसंबर को खेत में काले सूटकेस में कंकाल मिला। मृतका झारखंड के सिमडेगा की रहने वाली युवती निकली। जांच से खुलासा हुआ है कि संदेही गुनहगार अंकित कुमार ने युवती से दुष्कर्म किया। बात खुलने के डर से उसने अपनी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली की मौजूदगी में पीड़िता की निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, सच दबाने के लिए एक अन्य महिला के साथ भी अपराध किया गया और उसे चुप रखने के लिये वीडियो बनाया गया। इस हत्या की चश्मदीद गवाह नौकरानी तक पुलिस पहुंच गई। उसने हत्या के पीछे छिपे सारे राज खोल दिये। गिरफ्तार दंपती झारखंड की महिलाओं को मेड के रूप में भेजने का काम करता था। मृतका को भी इसी बहाने लाया गया। पैसे मालिकों से ज्यादा वसूले जाते थे, वहीं, मेड को कम या नहीं के बराबर दी जाती थी। कलिस्ता की यह दूसरी शादी बताई जा रही है। अंकित और उसके साथी सृष्टि इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म बनाकर पिछले चार साल से यह धंधा चला रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।





