Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने अगले साल यानी 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। CBSE ने अपनी परीक्षाओं की शुरुआत 17 फरवरी से तय की है, वहीं जैक बोर्ड इससे पहले फरवरी के पहले सप्ताह से ही परीक्षा शुरू करने की योजना बना रहा है। परीक्षाओं की शुरूआती तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और तिथियों को अंतिम रूप देने के लिये जल्द बैठक बुलाई जायेगी। खबर है कि इसी महीने यानी नवंबर में विद्यार्थियों का ऑनलाइन फॉर्म भरना शुरू होगा। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण जिला स्तर पर किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षायें 11 फरवरी से 3 मार्च 2025 तक आयोजित की गई थीं। सुबह की पाली में मैट्रिक और दोपहर की पाली में इंटर की परीक्षाएं हुई थीं।
पिछले साल का परीक्षा आंकड़ा
2025 में कुल 7,84,028 विद्यार्थियों ने परीक्षा फॉर्म भरा था। इनमें से माध्यमिक के 4,33,890 और इंटर के 3,50,138 विद्यार्थी शामिल थे। पूरे राज्य में 2086 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। इंटर के तीनों संकायों में आर्ट्स में सर्वाधिक 2,28,832 विद्यार्थी, साइंस में 99,131 और कॉमर्स में 22,175 परीक्षार्थी थे।






