Kohramlive : अमेरिका की सियासत के गलियारों में उस वक्त हलचल मच गई, जब खबर आई कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर पर हमला हुआ है। ओहियो के सिनसिनाटी स्थित उनके आवास पर एक शख्स ने हथौड़े से खिड़कियां तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि सुकून देने वाली बात यह रही कि घटना के वक्त वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुये कहा कि “हमारे घर पर हुये हमले को लेकर शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार। जहां तक मेरी जानकारी है, एक पागल आदमी ने खिड़कियों पर हथौड़ा मारकर अंदर घुसने की कोशिश की। मैं सीक्रेट सर्विस और सिनसिनाटी पुलिस का त्वरित कार्रवाई के लिये धन्यवाद करता हूं। हम उस समय घर पर नहीं थे, क्योंकि पहले ही वॉशिंगटन डीसी लौट चुके थे।” वेंस ने यह भी कहा कि वह अपने बच्चों को सार्वजनिक जीवन की कठोर सच्चाइयों से बचाना चाहते हैं। उन्होंने घर की टूटी खिड़कियों की तस्वीरें वायरल किये जाने की जरूरत पर भी सवाल उठाया।
पुलिस के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घर को नुकसान पहुंचा है, खिड़कियां टूटीं है। संदिग्ध की पहचान 26 साल के विलियम डेफूर के रूप में हुई है एक फेडरल लॉ एनफोर्समेंट सोर्स ने अमेरिकी मीडिया CNN को बताया कि आरोपी हिरासत में है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने स्पष्ट किया कि घटना के समय घर खाली था। सिनसिनाटी पुलिस और अमेरिकी अटॉर्नी मिलकर आरोप तय करने की समीक्षा कर रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वेंस के घर के आसपास चेकपॉइंट बनाये गये, वहीं, सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किये गये हैं।








