Ranchi : राजधानी रांची के अग्रसेन भवन में जलसा सीजन-2 मेला लगाया गया है। यह मेला मशहूर ड्रेस डिजाइनर हनी मिड्ढा सिन्हा द्वारा लगाया गया है। जलसा सीजन-2 मेला प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने फीता काटकर किया। उन्होंने मेले में महिला उद्यमियों द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी और स्टालों का निरीक्षण किया। महुआ माजी महिलाओं का हौसला अफजाई करते हुये कहा कि गृहणियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अपनी खुशी का इजहार करते हुये उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपना समय निकालकर इन चीजों को बना कर एक बढ़ियां संदेश दिया है। यह सुखद पहलू है। उद्यमी महिलाओं को इस तरह का मंच देना एक अच्छी पहल है।
मेले में विभिन्न स्टालों में महिलाओं द्वारा निर्मित परिधान, दिवाली और घरों की सजावट के समान, महिलाओं के आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बच्चों का सामान, कॉस्मेटिक के साथ अन्य चीजों की रेंज है। आयोजनकर्ता हनी मिड्ढा ने कहा कि महिलाओं के प्रतिभा को आम लोगों के सामने लाना जलसा सीजन-2 दिवाली एडिशन का मकसद है। इसमें महिला खुद द्वारा निर्मित वस्तुओं की बिक्री करती है, इससे उनके अंदर का हुनर निखरता है और उनका मनोबल भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अभी इससे रांची की महिलाओं को जोड़ा गया है, बाद में इसको आगे बढ़ते हुये पूरे राज्य की महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता रोहित सिन्हा, आनंद जलान, आकांक्षा तलेजा, स्नेहिल जैन, रेशम केडिया, दीपा अग्रवाल, रीमा भगत, फातिमा, शबनम, सुधा जलान, खुशी पोद्दार, रश्मि चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।












