Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर इंटरमीडिएट परीक्षा की तिथि बदल दी है। पहले 23 फरवरी को होने वाली इंटर परीक्षा अब 24 फरवरी 2026 को होगी। परिषद ने प्रशासनिक कारणों से यह निर्णय लेते हुये आधिकारिक सूचना जारी की है। कक्षा 8वीं की बोर्ड परीक्षा अब 2 मार्च को होगी। इसके एडमिट कार्ड 20 फरवरी से वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे, जबकि आंतरिक मूल्यांकन के अंक 5 से 15 मार्च के बीच अपलोड किये जायेंगे। कक्षा 9वीं की परीक्षा 6 और 7 मार्च को दो पालियों में होगी। इसके प्रवेश पत्र 24 फरवरी से डाउनलोड किये जा सकेंगे। वहीं, 11वीं की बोर्ड परीक्षा 25 से 28 फरवरी तक OMR शीट पर ली जायेगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें 40 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न और 10 अंक आंतरिक मूल्यांकन के होंगे। छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। जैक ने सभी छात्रों और स्कूलों से संशोधित तिथियों के अनुसार तैयारी करने और वेबसाइट से अपडेट लेते रहने की अपील की है।







