Kohramlive : BBC यानी ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरेपोरेशन के दिल्ली और मुंबई स्थित कार्यालयों में मंगलवार को आयकर विभाग ने सर्वे किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, IT अधिकारी बीबीसी के वित्त विभाग में खाते के कुछ दस्तावेजों की पुष्टि कर रहे थे। आयकर अधिकारी सर्वे के लिए राष्ट्रीय राजधानी के केजी मार्ग स्थित बीबीसी के दफ्तर पहुंचे। मुंबई में कलिना सांताक्रूज में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर के कार्यालय का भी सर्वेक्षण किया गया।
BBC ने मोदी पर बनायी है डॉक्यूमेंटरी
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान BBC कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन आयकर टीम ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। खातों और वित्त विभाग में रखे कंप्यूटर के डाटा को भी स्कैन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बैकअप लेने के बाद डिवाइस उनके मालिकों को वापस कर दिए जाएंगे।
बता दें कि यह स्थिति बीबीसी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक वृत्तचित्र – ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ जारी करने के कुछ हफ़्ते बाद आई है। 21 जनवरी को केंद्र ने पीएम मोदी पर विवादास्पद बीबीसी वृत्तचित्र के लिंक साझा करने वाले कई YouTube वीडियो और ट्विटर पोस्ट को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए थे। सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी को केंद्र सरकार को बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को ब्लॉक करने के अपने फैसले से संबंधित मूल रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश दिया था।
विरोधी पार्टियों के नेताओं ने इस तरह किया कमेंट
इस बीच आज कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि अडानी-हिंडनबर्ग मामले पर एक संयुक्त संसदीय समिति पर विपक्ष की मांग को स्वीकार करने के बजाय सरकार बीबीसी के पीछे पड़ी है। टीएमसी की महुआ मोइत्रा ने भी ट्विटर पर लिखा, “बीबीसी के दिल्ली कार्यालय में आयकर छापे की रिपोर्ट। वाह, वास्तव में? कितना अप्रत्याशित है।” आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक ट्वीट में कहा, “बीबीसी के कार्यालयों पर छापा मारकर केंद्र सरकार ने खुद को और देश को शर्मिंदा किया है।”
इसे भी पढ़ें : तीन दिन बाद उठनी थी बिटिया की डोली, पर…
इसे भी पढ़ें : नहीं रहा मंत्री अर्जुन मुंडा के PS का बेटा, कैसे क्या हुआ… देखें
इसे भी पढ़ें : गाड़ी जलाकर पर्चा फेंका, कही यह बात… देखें






