Ranchi : इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (IOA) ने झारखंड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के बैनर तले रिम्स के अस्थि शल्य चिकित्सा विभाग के सहयोग से पोस्टग्रेजुएट (PG) टीचिंग कोर्स का सफल आयोजन किया। यह कार्यक्रम आज हुआ। अस्थि शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) गोविंद कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व और आयोजन सचिव डॉ. अभिषेक गुरिया के मार्गदर्शन में यह शैक्षणिक कार्यक्रम यादगार रहा। देशभर से आये 75 से अधिक पोस्टग्रेजुएट छात्रों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे यह राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक सम्मेलन बन गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन RIMS के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजकुमार ने किया, जिन्होंने गुणवत्तापूर्ण पोस्टग्रेजुएट प्रशिक्षण को बढ़ावा देने में IOA और RIMS के प्रयासों की सराहना की। दो दिवसीय कार्यक्रम में इंटरएक्टिव व्याख्यान, केस आधारित चर्चायें और वाइवा सत्र शामिल थे, जिन्हें देश के प्रतिष्ठित ऑर्थोपेडिक संस्थानों से आये विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 10 लॉन्ग केस और 15 शॉर्ट केस प्रदर्शित और चर्चा किये गये, जिनमें ट्रॉमा, आर्थोप्लास्टी, स्पाइन, पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स और स्पोर्ट्स इंजरीज जैसे विषय शामिल थे। कार्यक्रम का समापन वैलेडिक्टरी समारोह के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। समापन समारोह में प्रो. (डॉ.) गोविंद कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को बधाई दी और सक्षम ऑर्थोपेडिक सर्जनों के निर्माण हेतु सतत शैक्षणिक संवाद के महत्व पर बल दिया। उन्होंने IOA नेतृत्व, RIMS प्रशासन, फैकल्टी सदस्यों और प्रतिभागियों के उत्साही सहयोग के लिये हार्दिक आभार व्यक्त किया।






