Bihar : आय से अधिक संपत्ति मामले में सुपौल के जिला अवर निबंधक अरविंद कुमार के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई हुई। सुबह से ही पटना, सुपौल समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच में करोड़ों की संपत्ति और कई चौंकाने वाले निवेश सामने आये हैं। जांच टीम को पता चला कि अरविंद कुमार की गृहिणी पत्नी के नाम पर सिलीगुड़ी में करीब 4 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी गई है। वहीं पटना के दीघा आशियाना रोड स्थित राज अपार्टमेंट में 65 लाख रुपये का फ्लैट भी मिला। छापेमारी के दौरान करीब 1.18 करोड़ रुपये के गहने, दो महिंद्रा स्कॉर्पियो, कई बैंक खाते, म्यूचुअल फंड निवेश और LIC पॉलिसियों के दस्तावेज बरामद किये गये। जांच एजेंसियों को करीब 1.5 करोड़ रुपये के महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा सोनपुर में सास के नाम पर जमीन के कागजात भी मिले हैं। अब तक करीब 10 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।








