UP : यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने होली पर्व को देखते हुये राज्य के सभी कर्मचारियों को समय से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। CM ने स्पष्ट कहा है कि त्योहार के मद्देनजर किसी भी स्तर लाहपरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी विभाग तय समयसीमा का कड़ाई से पालन करें। CM ने आउटसोर्सिंग कर्मियों, संविदाकर्मियों और सफाईकर्मियों समेत सभी श्रेणी के कर्मचारियों का भुगतान भी होली से पहले करने को कहा है, ताकि किसी को पर्व के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और सभी दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित किया जाये। वहीं, 28 फरवरी को कार्यदिवस घोषित किया गया है। वहीं, कर्मचारियों को 2, 3 और 4 मार्च को होली पर्व के अवसर पर अवकाश दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि भुगतान और अवकाश संबंधी आदेशों के अनुपालन में ढिलाई मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जायेगी।
10 मार्च तक संपत्ति का ब्योरा देने पर जारी होगा वेतन
राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन राज्यकर्मियों ने अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण अब तक नहीं दिया है, उन्हें 10 मार्च तक विवरण उपलब्ध कराने पर जनवरी माह का वेतन जारी किया जायेगा। सरकार के अनुसार, 31 जनवरी 2026 तक संपत्ति विवरण देना अनिवार्य किया गया था, लेकिन कुल 47,816 कर्मचारियों ने समयसीमा तक ब्योरा प्रस्तुत नहीं किया। सरकार ने 26 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक अंतिम अवसर दिया है, हालांकि इसे प्रतिबंधों के साथ जोड़ा गया है। आदेश के मुताबिक, निर्धारित समय तक विवरण न देने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी। साथ ही वर्तमान चयन वर्ष में पदोन्नति पर विचार नहीं किया जायेगा, एसीपी का लाभ रोका जा सकता है और विदेश यात्रा, प्रतिनियुक्ति जैसे मामलों में विजिलेंस क्लीयरेंस भी नहीं दी जायेगी। इस संबंध में मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं, जिनमें सभी विभागों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।










