MP: उज्जैन दर्शन के लिए निकले हाथरस के एक परिवार के साथ मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा हो गया। आगर मालवा जिले के बड़ौद क्षेत्र में मंगलवार सुबह कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में 22 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका (47) की मौत हो गई। छवि के पिता श्यामबाबू लाल गंभीर रूप से घायल हैं। उनका उज्जैन जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा सुबह करीब 6 बजे रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। कार में छवि, उनकी मां, पिता, ससुर सूरजपाल और चालक सचिन सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। छवि कार से उछलकर दूर जा गिरीं। उनकी मां कार में फंस गईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। छवि के पिता के फेफड़े में गंभीर चोट आई है। वहीं सूरजपाल और चालक सचिन खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं। परिवार सोमवार को उज्जैन के लिए निकला था। रास्ते में राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन किये। इसके बाद देर रात उज्जैन के लिए रवाना हुये। लेकिन उज्जैन पहुंचने से करीब 70 किलोमीटर पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स
छवि वार्ष्णेय सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 20 लाख और यूट्यूब पर 7.76 लाख फॉलोअर्स बताये गये हैं। फरवरी में उनका एक गाना भी रिलीज हुआ था, जिसे लाखों व्यूज मिले थे। ग्रामीण इलाके से निकलकर छवि ने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई थी। छवि की मां सारिका भाजपा महिला मोर्चा में जिला महामंत्री रह चुकी थीं। हादसे की खबर मिलते ही महौ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। परिजनों के मुताबिक, छवि और सारिका की मौत की खबर तत्काल परिवार के कुछ सदस्यों को नहीं दी गई थी। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।







