Ranchi : JPSC भर्ती में कथित गड़बड़ी की जांच तेज हो गई है। CID ने आयोग के तीन मौजूदा सदस्यों डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनीमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को पूछताछ के लिए समन भेजा है। तीनों से सोमवार से पूछताछ शुरू होने की संभावना है। CID भर्ती प्रक्रिया में लिये गये फैसलों और कथित अनियमितताओं में सदस्यों की भूमिका की जांच करेगी। जांच एजेंसी यह भी खंगालेगी कि भर्ती प्रक्रिया में कहीं नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई।
इस मामले में CID पहले ही JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के आवास और कार्यालय की तलाशी ले चुकी है। इसके बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था। CID ने उनसे करीब एक सप्ताह तक पूछताछ भी की थी। जांच में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एजेंसी कथित गड़बड़ी की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। इधर, JPSC मामले को लेकर छात्रों का आंदोलन भी जारी है। छात्र प्रभावित परीक्षाओं को रद्द करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विधानसभा के मानसून सत्र में भी मुद्दा गरम है। विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। तीन मौजूदा सदस्यों को समन के बाद JPSC प्रकरण में हलचल और बढ़ गई है। अब सोमवार की पूछताछ पर सबकी नजर है।















