Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में प्रिंस खान गिरोह के तीन और राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, बम, गोलियां, मोबाइल और धमकी भरे पर्चे बरामद किये हैं। बड़कागांव में कार्रवाई 25 जुलाई की 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड गोलीबारी की जांच के दौरान हुई। पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लिया। उसके मोबाइल से गिरोह के सदस्यों से संपर्क और चैट की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने गोलीबारी में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के दौरान पुलिस के अनुसार अंकित ने भागने और फायरिंग की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मौके से हथियार, बम और पर्चे बरामद किये गये।
गिद्दी में हथियार-बम सप्लायर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने करमा कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े लोगों को हथियार और बम उपलब्ध कराता था। उसकी निशानदेही पर दो देशी बम, दो देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक मिसफायर गोली, पांच मोबाइल और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किये गये। पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश और गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी है।
















