Ranchi : गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में गवर्नर संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। भव्य परेड, आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने झारखंड की समृद्ध परंपरा, सरकारी योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। झंडोत्तोलन के बाद गवर्नर ने राज्यवासियों को संबोधित करते हुये दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म विभूषण सम्मान दिये जाने पर प्रसन्नता जताई और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली का लागू होना जनजातीय सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का जिक्र करते हुये राज्यपाल ने बताया कि इसके तहत 51 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह 2500 रुपये दिये जा रहे हैं, जिससे माताओं-बहनों और बेटियों को सम्मान, स्वावलंबन और सुरक्षा मिल रही है।

पुलिस अधिकारियों को मिला विशिष्ट सेवा पदक
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया, जिनमें ये जवान शामिल रहे।
रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस
राज्यपाल ने बताया कि राज्य में लगभग 3 लाख सखी मंडलों का गठन किया जा चुका है, जिन्हें हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को तेजी से भरने की प्रक्रिया चल रही है। नेतरहाट मॉडल पर पश्चिम सिंहभूम, बोकारो और दुमका में नये आवासीय विद्यालय खुलेंगे। वहीं 803 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जा चुकी है। राज्य में सुपर स्पेशलिटी रिम्स-2 का निर्माण हो रहा है। साथ ही पीपीपी मोड पर पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और धनबाद में नये मेडिकल कॉलेज तैयार किये जा रहे हैं।








