Hazaribagh : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चारों ओर भक्तिमय माहौल है। हर कोई अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस महापर्व में भागीदारी निभाना चाहता है। लेकिन कई परिवार ऐसे भी हैं, जिनके लिए आर्थिक तंगी के बीच छठ पूजा की तैयारियां करना आसान नहीं होता। ऐसे ही परिवारों की आस्था को सम्मान देने के लिये हजारीबाग के युवाओं ने एक ऐसी पहल की है, जिसने सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की है। हजारीबाग यूथ विंग की ओर से 301 छठ व्रतियों को महज 11 रुपये में पूजा की 21 तरह की सामग्री उपलब्ध कराई गई। केबी सहाय मार्ग स्थित खजांची तालाब के समीप आयोजित इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली।
युवाओं ने आपस में जुटाई राशि
हजारीबाग यूथ विंग के सदस्यों ने बताया कि इस पहल की तैयारी पिछले एक महीने से चल रही थी। इसके लिए किसी बड़े सहयोग या सरकारी मदद का इंतजार नहीं किया गया, बल्कि युवाओं ने आपस में ही राशि इकट्ठा कर यह व्यवस्था की। तीन दिन पहले आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रतियों के लिये टोकन की व्यवस्था की गई थी। इच्छुक व्रतियों ने महज 11 रुपये देकर टोकन लिया। इसके दो दिन बाद उन्हें पूजा की सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं, इस पहल की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिये सोशल मीडिया का सहारा लिया गया। संस्था की ओर से लोगों से अपील की गई कि ऐसे परिवार, जो आर्थिक परेशानी के बावजूद छठ पूजा करना चाहते हैं, वे इस सुविधा का लाभ उठायें। व्रतियों को नारियल, सूप समेत कुल 21 तरह की पूजन सामग्री दी गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद व्रतियों ने हजारीबाग यूथ विंग के सदस्यों का आभार जताया और इस प्रयास की सराहना की।









