Ranchi : राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम सीताडीह में छापेमारी कर नारायण लोहरा (60 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जिसके घर से भारी मात्रा में देसी हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किये गये हैं।
पुलिस को बीती शाम करीब 6:40 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि सीताडीह में अवैध रूप से हथियार बनाये और बेचे जा रहे हैं। SSP के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी के घर पर छापा मारा। पूछताछ में आरोपी ने हथियार निर्माण और बिक्री की बात स्वीकार कर ली। छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से 10 निर्मित सिंगल बैरल बंदूक, घर के पीछे छुपाकर रखी गई 9 अन्य सिंगल बैरल, 4 अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किये गये। किसी भी हथियार के वैध कागजात आरोपी नहीं दिखा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उससे जुड़े नेटवर्क व संभावित खरीदारों की तलाश शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अनगड़ा रविन्द्रनाथ सिंह के नेतृत्व में थानेदार समेत पूरी टीम शामिल रही। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई से बड़ी आपराधिक घटनाओं को टाल दिया गया।










