Bihar : जिस प्यार के लिए परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर दोनों ने साथ जीने का फैसला किया था, उसी दंपति की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुर राय गांव में पति-पत्नी के शव घर के अंदर लटके मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान परवेज आलम और सोनी खातून के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों ने करीब एक साल पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वे हरपुर राय गांव में रह रहे थे।
बंद घर के भीतर मौत, जांच में जुटी पुलिस
दंपति की मौत की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाये गये। सुनील कुमार के अनुसार, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आखिर दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।






