Ranchi : रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के मुताबिक, झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह ड्राई रहने वाला है। इस दौरान दिन के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं रात में पारा 11 से 15 डिग्री तक गिरने की संभावना है, यानी दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर महसूस होगा। कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में सुबह के समय ठंड और हल्का कोहरा परेशान कर सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री तक रहने का अनुमान है, जबकि दिन का तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26 से बढ़कर 28 डिग्री तक जा सकता है। हजारीबाग और रामगढ़ में रात का तापमान 9 से 10 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे सुबह ठंड महसूस होगी।
दक्षिण झारखंड में सबसे ज्यादा गर्मी
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में राज्य का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज हो सकता है। यहां दिन का पारा 30 से 31 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। IMD के अनुसार, फिलहाल किसी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस या बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा, जो किसानों के लिए फसल कटाई और भंडारण के लिहाज से अनुकूल है। लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनें और दिन में धूप के कारण पानी का पर्याप्त सेवन करें।












