Ranchi : झारखंड की फिजाओं में अब बरसने वाला है वो रूमानी तूफान, जो खेतों को सींचेगा और दिलों में हलचल मचा देगा। मौसम विभाग की माने तो सोमवार को कम से कम 8 जिलों पर बादलों की घनी छांव गिरेगी और बरसात की बूंदें जमीन को चूमती नजर आयेंगी। डालटनगंज से गुजरता मानसून ट्रफ, बादलों की टोली पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड को जमकर भिगोयेगी। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में कहीं-कहीं बारिश का रुख बहुत तेज हो सकता है और गरजती बिजली का शोर इस बरसात को थोड़ा रोमांचक भी बना देगा।
7 जुलाई को राज्य के लगभग हर कोने में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। तापमान रहेगा लगभग स्थिर, रांची में 27 डिग्री के आसपास। पिछले 24 घंटों की बात करें तो जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 62.6 मिमी बारिश हुई, वहीं राजधानी रांची में 9.2 मिमी और डालटनगंज में 27.2 मिमी पानी बरसा। 1 जून से अब तक 740.7 मिमी बारिश ने रांची को इस मानसून का ‘बारिश का राजा’ बना दिया है। राज्यभर में औसतन 69% ज्यादा बारिश हो चुकी है।












