Bihar : बिहार इन दिनों बारिश की मोहब्बत में भीगा हुआ है, लेकिन ये बरसात महज रोमांच नहीं, रूदन भी साथ लाई है। बादलों की गड़गड़ाहट में छिपा है एक खामोश खतरा, जो कब बिजली बनकर गिरे कोई नहीं जानता। मौसम विभाग ने चेताया है, गोपालगंज, सिवान, औरंगाबाद, गया और भागलपुर, इन पांच जिलों में अगले कुछ घंटों में भयंकर बारिश और वज्रपात की आशंका है। ऑरेंज अलर्ट जारी हो चुका है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बादल हैं कि उतर ही नहीं रहे, और जमीन पर पानी की चादरें बिछती जा रही हैं।
इधर, वज्रपात की चपेट में आकर 15 ज़िंदगियां बुझ गईं। कोई खेत में था, कोई खेल में मगर कुदरत ने किसी को नहीं बख़्शा। कई गांवों में पानी घुस चुका है, नदियां उफान पर हैं। फल्गु, गंगा, सोन और कोसी अब अपनी मर्यादा तोड़ने को बेताब हैं। गया में पुल ढह गया, कोडरमा रेलखंड पर लैंडस्लाइड ने रेलों को रोक दिया। दो जिलों में डायवर्शन भी बह गये।













