Ranchi : बेशक, गुंडा बड़ा हो या छोटा, कोई नहीं बख्शा जायेगा। अगर विदेश में भी जाकर पनाह ले रखा है तो उसे खोजकर लाया जायेगा। झारखंड में एक्टिव छोटे-बड़े गुंडों की एक लिस्ट तैयार की गई है। इस लिस्ट के टॉप में रहे धनबाद के गैंग्स ऑफ वासेपुर से जुड़े गैंगेस्टर प्रिंस खान ने रेड कॉर्नर नोटिस कम्पलिट कर लिया गया है, वहीं गैंगस्टर अमन साहू गैंग के सबसे खासमखास कुख्यात अपराधी सुनील सिंह मीणा उर्फ मयंक सिंह के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खबर है कि गैंगस्टर प्रिंस खान दुबई में पनाह लेकर वहां से गैंग ऑपरेट कर रहा है। इसी तरह झारखंड का कुख्यात अपराधी मयंक सिंह मलेशिया में पनाह ले रखा है। मयंक सिंह का फोटो झारखंड ATS के हाथ पहली बार लगा है। उसका असली चेहरा सामने आ चुका है। झारखंड ATS ने राजस्थान स्थित मयंक सिंह के घर पर इश्तेहार भी चस्पा किया है। इसके बाद से वह मलेशिया में पनाह ले रखा है। मयंक सिंह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी खासमखास माना जाता है। गैंगस्टर अमन साहू द्वारा दोस्ती का हाथ बढ़ाने के बाद ही मयंक सिंह उसे मिला। कहते हैं कि मयंक सिंह टेक्निकली बहुत मजबूत है। वो फोन पर ही डरा-धमका अवैध उगाही करने में माहिर है। नोटिस जारी करने के बाद इंटरपोल के द्वारा इसकी जानकारी UAE और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल को भी दी गई है। दुबई में प्रिंस खान की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, मयंक सिंह के रेड कॉर्नर नोटिस से जुड़े कागजात केंद्रीय एजेंसी के जरिये इंटरपोल तक भेज दिया गया है। मयंक सिंह को आखिरी बार मलेशिया के कुआलालम्पुर एयरपोर्ट पर देखा गया था। मयंक सिंह का पासपोर्ट को भी रद्द करवा दिया गया है। वहीं, आखिरी बार प्रिंस खान का लोकेशन दुबई का आया था। मो हैदर खान के नाम से बने प्रिंस खान के पासपोर्ट को झारखंड पुलिस की पहल पर रद्द करवा दिया गया है। तब से वो दुबई में ही पनाह ले रखा है।
गुंडा लिस्ट तैयार
झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 14 जिलों के पुलिस कप्तानों ने गुंडा लिस्ट बनाई है। गुंडा लिस्ट में गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग से जुड़े 18 गुंडों के नाम को शामिल किया गया है। वहीं, रांची से 38, रामगढ़ में 91, हजारीबाग में 24, धनबाद में 69, बोकारो में 3, पलामू में 48, जमशेदपुर में 28, चतरा में 5, गढ़वा में 3, चाईबासा में 1, गुमला में 1 एवं गिरिडीह में 1 अपराधियों का नाम गुंडा लिस्ट में जोड़ा गया है।












