New Delhi : नये साल की दस्तक से पहले देशभर के CNG और घरेलू PNG उपभोक्ताओं के चेहरे पर मुस्कान लौटाने वाली खबर आई है। पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने गैस टैरिफ को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 1 जनवरी 2026 से टैरिफ का रेशनलाइजेशन लागू होगा, जिससे उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 2 से 3 रुपये तक की सीधी बचत होने की संभावना है। PNGRB के सदस्य एके तिवारी ने मीडिया को बताया कि अब यूनिफाइड टैरिफ स्ट्रक्चर लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नया सिस्टम उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ भी कम करेगा। बचत की राशि राज्यों में लागू टैक्स के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
तीन जोन से दो जोन का सफर
अब तक गैस टैरिफ दूरी के आधार पर तीन जोन में बंटा था, 200 किमी तक ₹42, 300 से 1200 किमी ₹80, 1200 किमी से अधिक ₹107 अब जोन की संख्या घटाकर दो कर दी गई है। जोन-1 पूरे देश में CNG और घरेलू PNG उपभोक्ताओं पर लागू होगा। इसके लिये यूनिफाइड रेट ₹54 तय किया गया है, जो पुराने 80 और 107 रुपये के मुकाबले काफी कम है। इस फैसले से देश में काम कर रही 40 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों के तहत आने वाले 312 भौगोलिक क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। ट्रांसपोर्ट सेक्टर के CNG उपभोक्ता और घरों में PNG इस्तेमाल करने वाले परिवार दोनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। PNGRB ने साफ निर्देश दिये हैं कि रेशनलाइज्ड टैरिफ का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाये। इसके लिये रेगुलेटर की ओर से सख्त मॉनिटरिंग की जायेगी।
गैस नेटवर्क का देशव्यापी विस्तार
इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार पर एके तिवारी ने बताया कि पूरे देश को कवर करने के लिए लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें PSU, प्राइवेट कंपनियां, जॉइंट वेंचर्स शामिल हैं। राज्य सरकारों के साथ समन्वय के चलते कई राज्यों ने VAT में कटौती परमिशन प्रक्रिया आसान कर दी है। सरकार के इन प्रयासों से आने वाले वर्षों में देशभर में नैचुरल गैस के इस्तेमाल में तेज बढ़ोतरी की उम्मीद है। CGD सेक्टर को भविष्य का प्रमुख ग्रोथ ड्राइवर माना जा रहा है।






