Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के पुलिस कप्तान अमन कुमार की अध्यक्षता में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन हुआ। बैठक में जिले के सभी थाना व ओपी प्रभारी शामिल हुये। SP ने आगामी स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी और चेहल्लुम को देखते हुये विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संदिग्ध स्थलों की नियमित तलाशी, सीमावर्ती थानों के बीच तालमेल बढ़ाना और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखना जरूरी है।
मुख्य निर्देश और प्राथमिकतायें
- सघन वाहन चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाया जाये।
- लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाये।
- जमीन विवादों के समाधान हेतु अंचलाधिकारी के साथ थाना दिवस आयोजित हों।
- Netgrid सॉफ्टवेयर से अनुसंधान को सशक्त किया जाये।
- प्रतिबिंब पोर्टल से मिले मोबाइल नंबरों का समय पर सत्यापन हो।
- रोड सेफ्टी और साइबर सुरक्षा पर जनजागरूकता अभियान तेज किये जायें।
- सड़क दुर्घटनाओं व एससी/एसटी मामलों के पीड़ितों को मुआवजा प्रस्ताव भेजा जाये।
- ब्लैक स्पॉट की पहचान कर दुर्घटना रोकथाम के लिए कदम उठाये जायें।
- रक्षक ऐप में वाहनों का विवरण और नफीस में कैदियों के फिंगरप्रिंट दर्ज किये जायें।
विशेष जोर वाले विषय
बैठक में नक्सलवाद, पासपोर्ट/चरित्र सत्यापन, वारंट/कुर्की, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध, एनडीपीएस, सीसीए और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। SP ने यह भी कहा कि ई-साक्ष्य पोर्टल पर मामलों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से की जाये, ताकि जांच अधिक पारदर्शी और प्रभावी हो सके।






