Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा समाहरणालय के सभागार में DC दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यकारिणी समिति की अहम बैठक हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिये प्राप्त बजटीय आवंटन के विरुद्ध विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत नई योजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई। DC ने निर्देश दिया कि “सभी योजनाएं समयबद्ध रूप से पूरी हों, गुणवत्ता मानकों का अनुपालन और पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जाये।” बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, जलापूर्ति, सड़क, ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं को जिले के समग्र विकास की रीढ़ मानते हुये विशेष रूप से प्राथमिकता देने की बात कही गई। DC का स्पष्ट संदेश है कि “योजनाओं की सफलता जनता तक उनके लाभ के समय पर पहुंचने से तय होती है। इसलिए हर अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि काम समय पर, पारदर्शी और जनहितकारी हो।”
पेयजल विभाग की समीक्षा के दौरान DC ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्याप्त पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुये कहा, जलापूर्ति योजनाओं को तेजी से लागू करते हुये आमजन को राहत मिले, यह सुनिश्चित किया जाये। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, आरडब्ल्यूडी, बिल्डिंग, एनआरईपी, आरसीडी आदि अभियंत्रण विभागों को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, लंबे समय से अधूरी पड़ी या विवादित योजनाओं को बंद करने में कोई देरी न की जाये। बैठक में कृषि, मत्स्य, समाज कल्याण, डीएमएफटी मद और शिक्षा-स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्राप्त आवंटन के सापेक्ष अब तक के खर्च की स्थिति का आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, निदेशक DRDB रवीश राज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद, जिला योजना पदाधिकारी जेवीयर मिंज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










