Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण प्रखंड के सिंघरावां ने इस बार खुद को रोशनी और भक्ति के रंगों से सजाया है। बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश चतुर्थी पर जब दस फीट ऊंचे गणपति बप्पा की प्रतिमा पंडाल में विराजी, तो मानो गांव का हर दिल उमंग से भर उठा। जीटी रोड सिंघरावां बाजार में पहली बार आयोजित हो रहे इस गणेश महोत्सव में पंडाल को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से ऐसे सजाया गया है कि दूर-दराज से लोग इसे देखने उमड़ रहे हैं। हर ओर से एक ही स्वर गूंज रहा है, “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया!”
तीन दिनों तक भक्ति का उत्सव
28 अगस्त को भक्ति जागरण से पूरी रात भक्ति रस छलकेगा। 29 अगस्त की शाम को भावभीनी विदाई के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जायेगा। अब तक जो नारा “गणपति बप्पा मोरया” मुंबई की सड़कों पर गूंजता था, वही आवाज़ अब सिंघरावां की गलियों में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ गूंज रही है। सिंघरावां की यह पहली गणेश पूजा गांव की यादों में हमेशा के लिये सुनहरी छाप छोड़ने वाली है।












