UP : यूपी के एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला में दिनदहाड़े एक घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया। शांत दिखने वाली गली अचानक चीखों और सन्नाटे की गवाह बन गई। मृतकों की पहचान 75 साल के गंगा सिंह, उनकी 70 साल की पत्नी श्यामा देवी, 42 साल की बहू रत्ना (पत्नी कमल सिंह) और 20 साल की पोती ज्योति के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बेड और फर्श पर खून से सने शव पड़े थे। श्यामा देवी के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले, बाकी तीनों के शव भी बुरी तरह लहूलुहान थे। हालात देखकर धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा तब हुआ, जब गंगा सिंह का नाती देवांश स्कूल से घर लौटा। दरवाजे खुले देख वह अंदर गया, लेकिन भीतर का दृश्य देखते ही उसकी चीख निकल गई। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े चले आये और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।















