Ranchi : बीते 7 मार्च को राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुटियातू चौक स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कुछ अपराधी बाइक पर सवार होकर होटल परिसर में घुसे और करीब 3–4 राउंड गोलियां चलाईं। बदमाशों ने होटल स्टाफ मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में रांची पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का हाथ सामने आया है। रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुबेर उर्फ मनीष सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर, पप्पू भुइया और मो. शदाब आलम शामिल हैं। जांच के दौरान रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बीते कल यानी 16 मार्च को धनबाद में मुठभेड़ की, जिसमें कुबेर, विक्की डोम और अफजल अमन घायल हो गये। सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह मिलकर इस वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। सुनें क्या बोले सिटी SP पारस राणा
इसे भी पढ़ें : अगले तीन घंटों में जबरदस्त आंधी-बारिश का अलर्ट… जानें कहां-कहां






