Palamu : पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के गौसिया मदरसा के पास जमीन विवाद को लेकर देर रात गोलियों की गूंज से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मामला इतना गंभीर था कि पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने अमजद खान, मोहित कुमार और तनवीर शाह को गिरफ्तार किया है। तीनों घटना के बाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही सभी एग्जिट रूट सील कर दिये थे। छापेमारी में पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं। सभी हथियार देसी हैं और वारदात में इन्हीं का इस्तेमाल किया गया था। SP रीष्मा रमेशन के अनुसार विवाद पहाड़ी मोहल्ले के सोनू खान और अमजद खान के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था। फायरिंग में स्पष्ट रूप से सोनू खान को निशाना बनाया गया था। गिरफ्तार आरोपी अमजद खान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पहले भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टीओपी-1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान, एएसआई संदीप कुमार सहित कई अधिकारियों ने रातभर छापेमारी कर इस गैंग को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में फायरिंग और दहशत फैलाने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं है।






